ब्रह्मास्त्र ने सुल्तान को किया पीछे, यहां देंखे वर्ल्डवाइड सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली टॉप 10 बॉलीवुड फिल्में
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। लंबे समय से हिंदी फिल्मों की कमाई को लेकर जो सूखा पड़ा था, उसे ब्रह्मास्त्र ने पहले दिन की कमाई के साथ खत्म कर दिया है। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 75 करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग दी है। वहीं, शनिवार की बुकिंग भी जबरदस्त चल रही है।
खास बात है कि ओपनिंग के मामले में ब्रह्मास्त्र ने सलमान खान की सुल्तान को पीछे छोड़ दिया है। सुल्तान ने वर्ल्डवाइड 71.3 करोड़ की ओपनिंग दी थी। हालांकि वर्ल्डवाइड सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली बॉलीवुड फिल्मों की लिस्ट पर अभी भी आमिर खान की "ठग्स ऑफ हिंदुस्तान" बरकरार है। लेकिन खास बात है कि ठग्स ऑफ हिंदुस्तान दिवाली के मौके पर रिलीज हुई थी। जबकि ब्रह्मास्त्र नॉन हॉलीडे रिलीज है।

कोई शक नहीं कि अयान मुखर्जी की इस फिल्म ने बॉलीवुड को राहत की सांस दी है। लगातार फ्लॉप होती हिंदी फिल्मों के बीच ब्रह्मास्त्र की बंपर ओपनिंग उम्मीदें जगाती हैं। फिल्म दुनियाभर में 9000 स्कीन पर रिलीज हुई थी। भारत में ब्रह्मास्त्र को 5019 स्क्रीन पर और ओवरसीज में 3894 स्क्रीन पर रिलीज किया गया है। ओवरसीज में भी फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।
बहरहाल, यहां देंखे वर्ल्डवाइड सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली टॉप 10 बॉलीवुड फिल्में-

ठग्स ऑफ हिंदुस्तान
आमिर खान, अमिताभ बच्चन, फातिमा सना शेख और कैटरीना कैफ स्टारर इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 76.2 करोड़ की ओपनिंग दी थी। हालांकि फिल्म को निगेटिव प्रतिक्रिया मिली और फिर वीकेंड के बाद कलेक्शन औंधे मुंह गिर पड़ा।

ब्रह्मास्त्र
ब्रह्मास्त्र ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 75 करोड़ की ओपनिंग दी है।रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर इस फिल्म ने हिंदी में 32-34 करोड़ तक की कमाई की है, वहीं बाकी भाषाओं को मिलाकर 5-6 करोड़ का कलेक्शन देखा जा रहा है। खासकर तेलुगु में फिल्म की शुरुआत अच्छी रही है।

सुल्तान
सलमान खान और अनुष्का शर्मा स्टारर इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 71.3 करोड़ की ओपनिंग दी थी। भारत में फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 300 करोड़ रहा था।

वॉर
वहीं, 2019 में आई ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ स्टारर एक्शन फिल्म वॉर ने 68.4 करोड़ की ओपनिंग दी थी। फिल्म सुपरहिट रही थी।

धूम 3
आमिर खान और कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म धूम 3 ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 67 करोड़ का कलेक्शन दिया था। भारत में फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 287 करोड़ रहा था।

प्रेम रतन धन पायो
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी सलमान खान और सोनम कपूर स्टारर इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 66.2 करोड़ की ओपनिंग दी थी। साल 2015 में ये फिल्म दिवाली के मौके पर रिलीज हुई थी।

टाइगर जिंदा है
सलमान खान और कैटरीना कैफ की इस सुपरहिट फिल्म ने वर्ल्डवाइड 65.2 करोड़ का ओपनिंग कलेक्शन दिया था। खास बात है कि टॉप 10 की लिस्ट में 4 फिल्में सलमान खान की ही हैं।

संजू
राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी ये फिल्म संजय दत्त की बॉयोपिक थी। रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 63.5 करोड़ की ओपनिंग दी थी। फिल्म सुपरहिट रही थी।

भारत
सलमान खान और कैटरीना कैफ की हिट जोड़ी वाली इस फिल्म ने 62.2 करोड़ की वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस ओपनिंग दी थी।

हैप्पी न्यू ईयर
फराह खान की इस फिल्म में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, सोनू सूद जैसे कलाकार दिखे थे। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 61.9 करोड़ की ओपनिंग दी थी।


Click it and Unblock the Notifications











