Holi Box Office Report- सुपरहिट फिल्मों के साथ अक्षय कुमार, आलिया भट्ट टॉप, अजय देवगन को मिली सुपरफ्लॉप

Box office report of Bollywood films released on Holi: रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर स्टारर फिल्म 'तू झूठी मैं मक्कार' होली के मौके पर 8 मार्च 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। लव रंजन के निर्देशन में बनी इस फिल्म का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। कोई शक नहीं कि ट्रेड पंडितों को भी फिल्म की बॉक्स ऑफिस से काफी उम्मीदें हैं।
खास बात है कि कुछ साल पहले तक निर्माता होली पर फिल्में रिलीज करने से कतराते थे। पिछले दशक में बैक टू बैक कई सालों तक होली पर रिलीज फिल्में औंधे मुंह गिरी हैं। आयुष्मान खुराना- सोनम कपूर की बेवकूफियां, जॉन अब्राहम की रॉकी हैंडसम से लेकर अजय देवगन की हिम्मतवाला तक.. होली पर रिलीज फिल्मों का बुरा हाल रहा। पिछले साल रिलीज अक्षय कुमार की बच्चन पांडे भी फ्लॉप रही।
एक समय ऐसा भी था, जब होली को फिल्मों की रिलीज के लिए गलत समय माना जाने लगा क्योंकि मार्च में स्कूल के एग्जाम चलते हैं.. साथ ही इस त्योहार को लोग अपने परिवार के साथ सेलिब्रेट करना पसंद करते हैं, ना कि सिनेमा देखकर।
लेकिन धीरे धीरे ये सोच बदली। विद्या बालन की कहानी, वरुण धवन- आलिया भट्ट स्टारर बद्रीनाथ की दुल्हनिया और अक्षय कुमार की केसरी जैसी कुछ सुपरहिट फिल्में होली के मौके पर रिलीज की गई, जिसने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया।
फिलहाल, तू झूठी मैं मक्कार की रिलीज से पहले, यहां देखते हैं होली पर रिलीज फिल्मों की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट-

बच्चन पांडे
2022 की होली पर अक्षय कुमार, कृति सैनन स्टारर फिल्म बच्चन पांडे को रिलीज किया गया था। लेकिन फिल्म रिलीज के साथ ही औंधे मुंह गिर पड़ी। 50.25 करोड़ के लाइफटाइम कलेक्शन के साथ बच्चन पांडे फ्लॉप रही थी।

केसरी
साल 2019 में आई अक्षय कुमार स्टारर फिल्म केसरी ने बॉक्स ऑफिस पर 153 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म सुपरहिट रही थी। ये होली पर रिलीज हुई सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म है।

बद्रीनाथ की दुल्हनिया
साल 2017 में होली 13 मार्च की थी। इससे पहले 10 मार्च को रिलीज हुई थी वरुण धवन और आलिया भट्ट स्टारर बद्रीनाथ की दुल्हनिया। 116.6 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म सुपरहिट रही। लंबे समय के बाद होली पर रिलीज हुई किसी फिल्म ने ऐसा शानदार बिजनेस किया था।

कपूर एंड सन्स
वहीं, साल 2016 में आई थी सिद्धार्थ मल्होत्रा, फवाद खान और आलिया भट्ट स्टारर फिल्म 'कपूर एंड सन्स'.. 73.03 करोड़ कलेक्शन के साथ फिल्म हिट रही थी। वहीं, इसी के साथ रिलीज जॉन अब्राहम की रॉकी हैंडसम बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी।

कहानी
होली पर रिलीज इस संस्पेंस- थ्रिलर फिल्म को कितना पसंद किया गया, इसे शायद बताने की जरूरत नहीं। सुजॉय घोष के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विद्या बालन ने मुख्य किरदार निभाया था। 59.26 करोड़ के बिजनेस के साथ फिल्म सुपरहिट रही थी।

रेस
साल 2008 में आई थी रेस फ्रैंचाइजी की पहली फिल्म.. लगभग 61 करोड़ के कलेक्शन के साथ फिल्म सुपरहिट रही थी। सैफ अली खान, अक्षय खन्ना, बिपाशा बसु स्टारर इस फिल्म को बहुत पसंद किया गया था। जिसके बाद इसे एक फ्रैंचाइजी का रूप दे दिया गया।

इन फिल्मों की भी हुई तारीफ
होली पर रिलीज हुई फिल्मों में कुछ ऐसे नाम भी हैं, जिसने बॉक्स ऑफिस पर भले बहुत अच्छा बिजनेस नहीं किया.. लेकिन समय के साथ फिल्म के कंटेंट को लोगों ने बहुत पसंद किया। जैसे कि मालामाल वीकली, मर्द को दर्द नहीं होता, परी..

सबसे बड़ी फ्लॉप
वहीं, होली पर रिलीज सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में शामिल है अजय देवगन की हिम्मतवाला। साजिद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लोगों ने सिरे से नकार दिया था। इसके अलावा.. बेवकूफियां, हे ब्रो, तीन पत्ती, चार दिन की चांदनी, कार्तिक कॉलिंग कार्ति.. भी इस फ्लॉप लिस्ट में शामिल हैं।


Click it and Unblock the Notifications











