Box Office Collection Clash: 'सितारे जमीन पर' की कमाई में रफ्तार, 'मेट्रो... इन दिनो' की पस्त हुई चाल

Sitaare Zameen Par vs Metro In Dino Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों दो बड़ी फिल्में चर्चा में हैं- आमिर खान की 'सितारे जमीन पर' और अनुराग बसु की डायरेक्टेड 'मेट्रो... इन दिनो'। दोनों ही फिल्में अलग-अलग जोन की कहानियां कहती हैं, लेकिन अब सवाल ये है कि कमाई के मैदान में कौन आगे है? चलिए जानते हैं दोनों फिल्मों का हाल।
'मेट्रो... इन दिनो' की धीमी शुरुआत
अनुराग बसु की फिल्म 'मेट्रो... इन दिनो' ने पहले शुक्रवार को 3.5 करोड़ की ओपनिंग ली। पहले हफ्ते के बाकी दिनों में इसका कलेक्शन धीरे-धीरे घटा और पहले सात दिनों में इसने कुल 26.75 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म ने शनिवार और रविवार को थोड़ी तेजी दिखाई, लेकिन सोमवार से फिर गिरावट देखने को मिली। अब इसका टोटल कलेक्शन लगभग 27 करोड़ तक पहुंच चुका है। फिल्म की स्क्रीन ऑक्यूपेंसी भी औसतन 13-14% के आस-पास रही। रात के शोज में सबसे ज्यादा दर्शक नजर आए।
'सितारे जमीन पर' का दबदबा कायम
दूसरी ओर, आमिर खान की 'सितारे जमीन पर' लगातार दर्शकों का दिल जीत रही है। इस फिल्म ने पहले हफ्ते में 88.9 करोड़ और दूसरे हफ्ते में 46.5 करोड़ रुपये की कमाई की। अब, रिलीज के 21वें दिन यानी तीसरे गुरुवार तक, फिल्म की कुल कमाई 154.35 करोड़ रुपये हो चुकी है। ये फिल्म लगातार बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़ रही है। इसने अक्षय कुमार की 'केसरी', रणवीर-आलिया की 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' और कंगना रनौत की 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' को पीछे छोड़ दिया है।
बजट और कमाई का गणित
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट सुमित कडेल के मुताबिक, 'मेट्रो... इन दिनो' का कुल बजट लगभग 100 करोड़ रुपये है, जिसमें प्रमोशन और मार्केटिंग का खर्च भी शामिल है। मुनाफे में आने के लिए इसे भारत में कम से कम 65 करोड़ की नेट कमाई करनी होगी। ऐसे में फिल्म के लिए आगे का रास्ता आसान नहीं लगता। इसके मुकाबले 'सितारे जमीन पर' ने पहले ही लागत निकाल ली है और अब प्रॉफिट जोन में चल रही है।
अनुराग बसु के रिकॉर्ड में कहां खड़ी है 'मेट्रो...'?
'मेट्रो... इन दिनो' फिलहाल अनुराग बसु की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। इससे ऊपर हैं- बर्फी (₹120 करोड़), जग्गा जासूस (₹53.38 करोड़), काइट्स (₹49.3 करोड़)। 'मेट्रो... इन दिनो' की लाइफटाइम कमाई 'काइट्स' के आसपास पहुंच सकती है, लेकिन उसके आगे निकलना मुश्किल लग रहा है।
फिलहाल के आंकड़ों को देखें तो 'सितारे जमीन पर' साफ तौर पर आगे है। फिल्म ने न सिर्फ कमाई के मामले में बाजी मारी है, बल्कि दर्शकों के दिल में भी अपनी जगह बना ली है। वहीं, 'मेट्रो... इन दिनो' को अभी टिके रहने के लिए और मेहनत करनी होगी। अगर दूसरे वीकेंड में अच्छी ग्रोथ नहीं मिली, तो लागत वसूल करना भी मुश्किल हो सकता है।


Click it and Unblock the Notifications