Bollywood Biggest Flop: बॉलीवुड की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म, 45 करोड़ में बनी मूवी ने कमाए 60 हजार

Bollywood Biggest Flop Record: बॉलीवुड में हर साल कई फिल्में बनती हैं, कुछ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाती हैं तो कुछ कब आती हैं और कब गायब हो जाती हैं, पता ही नहीं चलता। लेकिन हाल ही में एक ऐसी फिल्म आई जिसने कमाई के मामले में इतिहास रच दिया - यह है भारत की अब तक की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म, 'द लेडी किलर'। अजय बहल द्वारा निर्देशित यह क्राइम थ्रिलर फिल्म 2023 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसने मेकर्स को ऐसा झटका दिया, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है।
'द लेडी किलर' में अर्जुन कपूर और भूमि पेडनेकर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। अर्जुन कपूर, जो अपने चॉकलेटी बॉय इमेज और बाद में एक्शन-थ्रिलर भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं, इस फिल्म में एक कॉम्प्लैक्स किरदार में नजर आए थे। वहीं, भूमि पेडनेकर, जिन्होंने 'दम लगा के हईशा' से लेकर 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' जैसी फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग का लोहा मनवाया है, इस फिल्म में एक अलग अवतार में थीं। फिल्म को टी-सीरीज ने प्रोड्यूस किया था, जो आमतौर पर बड़े बजट और सफल फिल्मों के लिए जाने जाते है|
फिल्म में अर्जुन कपूर ने एक ऐसे व्यक्ति का किरदार निभाया है जो एक शहर छोड़कर आता है और उसे एक "लेडी किलर" से प्यार हो जाता है। कहानी प्यार, धोखा और थ्रिल का मिश्रण थी, जिसमें कई ट्विस्ट और टर्न थे। भूमि पेडनेकर ने अपनी भूमिका में फिल्म की रहस्यमयता को बढ़ाया। दोनों ही कलाकारों ने अपने किरदारों को निभाने की पूरी कोशिश की, लेकिन फिल्म की कमजोर पटकथा और धीमी गति ने दर्शकों को निराश किया।
बॉक्स ऑफिस पर विनाशकारी प्रदर्शन
फिल्म का बजट 45 करोड़ रुपये था, लेकिन इसकी कमाई सुनकर आप दंग रह जाएंगे। ओपनिंग डे पर इस फिल्म के सिर्फ 293 टिकट बिके, जिससे कुल 38,000 रुपये की कमाई हुई। पूरी फिल्म ने मुश्किल से 500 टिकट बेचे और कुल 60,000 रुपये का कारोबार किया। यह बॉलीवुड के इतिहास में सबसे खराब बॉक्स ऑफिस प्रदर्शनों में से एक है। मेकर्स अपनी लागत का 1 प्रतिशत भी वसूल नहीं कर पाए, जो किसी भी फिल्म के लिए एक बड़ा झटका है।
सिनेमाघरों में पिटने के बाद मेकर्स ने इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की कोशिश की, ताकि कुछ तो कमाई हो सके। लेकिन हैरानी की बात यह है कि कोई भी ओटीटी प्लेटफॉर्म इस फिल्म को खरीदने के लिए तैयार नहीं हुआ। टी-सीरीज को मजबूरन इस फिल्म को अपने यूट्यूब चैनल पर मुफ्त में रिलीज करना पड़ा।
आमतौर पर फ्लॉप फिल्में भी किसी न किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मिल जाती हैं, लेकिन 'द लेडी किलर' की असफलता इतनी बड़ी थी कि ओटीटी प्लेटफॉर्म ने भी इससे दूरी बना ली।
दर्शक और आलोचकों की प्रतिक्रिया
फिल्म को दर्शकों और आलोचकों दोनों से बेहद नकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। IMDb पर इसकी रेटिंग सिर्फ 1.9 है, जो इसकी खराब गुणवत्ता को दर्शाता है। दर्शकों ने फिल्म की कहानी को उबाऊ और प्रेडिक्टेबल बताया। एक्टिंग को लेकर भी खास प्रशंसा नहीं मिली। कुल मिलाकर, 'द लेडी किलर' एक ऐसी फिल्म साबित हुई जो बड़े बजट और बड़े सितारों के बावजूद दर्शकों को थिएटर तक खींचने में नाकाम रही, और अंत में बॉलीवुड के इतिहास की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में से एक बन गई।


Click it and Unblock the Notifications















