Biggest Box Office Flops Of 2022: सम्राट पृथ्वीराज से लेकर धाकड़ तक, 2022 में औंधे मुंह गिरी ये 9 फिल्में

Biggest Box Office Flops Of 2022: शायद ही कोई साल बॉलीवुड के लिए इतना शॉकिंग रहा हो, जितना 2022 रहा है। इस साल बैक टू बैक इतनी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धराशयी हुई हैं, जिसने पूरी इंडस्ट्री को चौंका कर रख दिया। इस साल लगभग 43 हिंदी फिल्में रिलीज हुई हैं, जिनमें से दो फिल्में ब्लॉकबस्टर (द कश्मीर फाइल्स और दृश्यम 2), एक सुपरहिट (भूल भुलैया 2), दो औसत (ब्रह्मास्त्र, जुग जुग जीयो) और एक सेमी हिट (गंगूबाई काठियावाड़ी) हैं।
2022 में कुछ फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया है, लेकिन ज्यादातर बड़ी फिल्में बुरी तरह फ्लॉप रही हैं। अक्षय कुमार की सम्राट पृथ्वीराज से लेकर लाइगर, धाकड़, अटैक तक.. इस दफा फ्लॉप फिल्मों की लिस्ट काफी लंबी है।
आंकड़ों को देखा जाए तो ये साल अक्षय कुमार और आयुष्मान खुराना के लिए काफी बुरा रहा है। 2022 में अक्षय की चार फिल्में रिलीज हुईं- बच्चन पांडे, सम्राट पृथ्वीराज, रक्षाबंधन और रामसेतु.. चारों फिल्में फ्लॉप रहीं। वहीं, आयुष्मान भी तीन फिल्में लेकर आए- अनेक, डॉक्टर जी और एन एक्शन हीरो.. लेकिन तीनों ही फिल्मों को दर्शकों ने नकार दिया।
बहरहाल, यहां देंखे 2022 की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्में-

धाकड़
कंगना रनौत स्टारर इस एक्शन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 2 करोड़ का कलेक्शन किया था। बता दें, फिल्म का बजट 80 से 85 करोड़ का था। यह फीमेल लीड के साथ बॉलीवुड की सबसे बड़ी एक्शन फिल्मों में से एक थी। लेकिन लोगों ने फिल्म के कंटेंट को पूरी तरह से नकार दिया।

अनेक
आयुष्मान खुराना की इस फिल्म ने 7.50 करोड़ का कलेक्शन किया और बॉक्स ऑफिस सुपरफ्लॉप रही। अनुभव सिन्हा की इस फिल्म का बजट 47 करोड़ तक का था। लेकिन फिल्म का कंटेंट इतना भारी भरकम था कि इसे दर्शक ही नहीं मिले।

अटैक
जॉन अब्राहम की इस एक्शन फिल्म ने 15 करोड़ का कलेक्शन किया था। 85 करोड़ के बजट में बनी ये फिल्म औंधे मुंह गिरी थी। खास बात है कि जॉन इस फिल्म का दूसरा पार्ट भी बनाने वाले थे।

जयेशभाई जोरदार
एक समय था जब रणवीर सिंह बैक टू बैक ब्लॉकबस्टर दे रहे थे.. लेकिन फिलहाल उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो रही हैं। जयेशभाई जोरदार ने महज 17.50 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म का बजट 85 करोड़ तक का बताया गया।

लाइगर
विजय देवरेकोंडा की डेब्यू हिंदी फिल्म काफी बड़े स्तर पर रिलीज की गई थी। लगभग 100 करोड़ के बजट पर बनी इस फिल्म ने महज 21.15 करोड़ का कलेक्शन किया। फिल्म बुरी तरह फ्लॉप रही।

शमशेरा
लंबे समय के बाद रणबीर कपूर इस फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर दिखाई दिये थे। लेकिन दर्शकों ने उन पर कोई मेहरबानी नहीं दिखाई। 43 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म फ्लॉप रही। शमशेरा का बजट 150 करोड़ का था।

बच्चन पांडे
अक्षय कुमार के फ्लॉप फिल्मों की लड़ी यहीं से शुरु हुई थी। मार्च में आई इस फिल्म ने 50.25 करोड़ की कमाई और फ्लॉप रही। फिल्म का बजट 165 करोड़ का था।

लाल सिंह चड्ढा
शायद ही किसी ने सोचा होगा कि आमिर खान की फिल्म भी इस लिस्ट में शामिल हो सकती है। 180 करोड़ के भारी भरकम बजट पर बनी इस फिल्म ने 58.68 करोड़ की कमाई की। फिल्म विवादों की वजह से काफी प्रभावित हुई।

सम्राट पृथ्वीराज
अक्षय कुमार की इस फिल्म ने 68 करोड़ का कलेक्शन किया था। ये पूर्व विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर की डेब्यू फिल्म थी। फिल्म का बजट 175 करोड़ तक का था, लेकिन फिल्म की कमाई इसके आधे तक भी नहीं पहुंच पाई।


Click it and Unblock the Notifications











