भुल भुलैया 2 बॉक्स ऑफिस: दूसरे शनिवार को 60 प्रतिशत बढ़त, कार्तिक आर्यन फिल्म का 100 करोड़ क्लब में स्वागत
कार्तिक आर्यन, तबू और कियारा आडवाणी स्टारर भूल भुलैया 2 ने दूसरे शनिवार को भी बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया है। फिल्म ने दूसरे शनिवार, 28 मई को बॉक्स ऑफिस पर 10.4 करोड़ की कमाई की। गौरतलब है कि कार्तिक आर्यन ने दूसरे शुक्रवार की तुलना में दूसरे शनिवार को लगभग 60 प्रतिशत बढ़त दिखाई।
गौरतलब है कि फिल्म ने दूसरे शुक्रवार को 6.5 करोड़ की कमाई की थी। वहीं दूसरे शनिवार को 10.5 करोड़ की कमाई करते हुए फिल्म ने दूसरे वीकेंड भी शानदार आंकड़े देने का वादा कर दिया है। माना जा रहा है कि रविवार को फिल्म की कमाई 12 - 13 करोड़ की हो सकती है।

भूल भुलैया 2 फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर आयुष्मान खुराना की अनेक को टक्कर दी है। इससे पहले, पिछले हफ्ते फिल्म कंगना रनौत की धाकड़ के साथ रिलीज़ हुई थी लेकिन धाकड़ ने भूल भुलैया 2 के आगे पानी तक नहीं मांगा। हालांकि, कंगना रनौत ने कार्तिक आर्यन को फिल्म की सफलता पर बधाई ज़रूर दी।

शनिवार को अच्छी ऑक्यूपेंसी
दूसरे शनिवार को भूल भुलैया 2 ने थिएटर में लगभग 36 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। वहीं कार्तिक आर्यन स्टारर फिल्म ने पुणे, बेंगलुरू, हैदराबाद और चेन्नई जैसे शहरों में 50 प्रतिशत से ज़्यादा ऑक्यूपेंसी दर्ज की। माना जा रहा है कि रविवार को ये आंकड़े और तेज़ी से उछाल मारेंगे।

ओपनिंग से ही चौंकाया
गौरतलब है कि कार्तिक आर्यन की फिल्म ने ओपनिंग के साथ ही चौंकाया था। माना जा रहा था कि फिल्म 10 करोड़ तक की ओपनिंग कर सकती है। लेकिन फिल्म ने इस साल की सबसे अच्छी ओपनिंग दर्ज करते हुए 14 करोड़ की ओपनिंग दी। वहीं ये कार्तिक आर्यन के करियर की भी सबसे अच्छी ओपनिंग थी।

वीकेंड में ही पीछे हो गए अक्षय
इस साल आई अक्षय कुमार की फिल्म बच्चन पांडे के 50 करोड़ के लाइफटाइम कलेक्शन को कार्तिक आर्यन ने एक वीकेंड में ही पीछे कर दिया है। भूल भुलैया 2 ने जहां 14 करोड़ की ओपनिंग की वहीं फिल्म ने पहले शनिवार को 18 करोड़ और दूसरे शनिवार को 24 करोड़ की कमाई की।

शानदार रहा पहला हफ्ता
पहले हफ्ते में ही कार्तिक आर्यन की फिल्म 92 करोड़ के आंकड़े पर थी और अब फिल्म 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर चुकी है। फिलहाल भूल भुलैया 2 की कुल कमाई 108 करोड़ है। माना जा रहा है कि रविवार को फिल्म 12 करोड़ तक की कमाई कर सकती है अपनी कुल कमाई का आंकड़ा 120 करोड़ पर पहुंचा सकती है।

कार्तिक आर्यन की सबसे बड़ी फिल्म
रविवार को 120 करोड़ की कमाई के साथ, भूल भुलैया 2 बॉक्स ऑफिस पर कार्तिक आर्यन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म बन जाएगी। अब तक उनके करियर की सबसे ज़्यादा कमाने वाली फिल्म रही है सोनू के टीटू की स्वीटी जिसने बॉक्स ऑफिस पर 108 करोड़ की कमाई की है। अभी कार्तिक की भूल भुलैया 2 और ये फिल्म एक ही पायदान पर हैं।

निकाल चुकी है बजट
भूल भुलैया 2, 80 करोड़ के बजट पर बनी फिल्म है और इसने अपना बजट निकालने के बाद अब मुनाफा कमाना शुरू कर दिया है। वहीं फिल्म के सफल होते ही इसके पार्ट 3 की भी तैयारी शुरू हो चुकी है और माना जा रहा है कि उस फिल्म में भी कार्तिक आर्यन ही मुख्य भूमिका निभाएंगे।

वर्ल्डवाइड कमाई
ओवरसीज़ में फिल्म 27 करोड़ की कमाई कर चुकी है जिसके बाद भूल भुलैया 2 का वर्ल्डवाईड कलेक्शन 143 करोड़ पहुंच चुका है। रविवार को फिल्म 150 करोड़ क्लब में एंट्री ले लेगी। माना जा रहा है कि पृथ्वीराज की रिलीज़ से पहले भूल भुलैया 2 वर्ल्डवाईड 200 करोड़ की कमाई कर लेगी।


Click it and Unblock the Notifications