दिवाली पर रिलीज फिल्मों की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: ऋतिक, सलमान, अक्षय टॉप 3- आमिर खान ने दिया फ्लॉप
सुपरस्टार अक्षय कुमार की फिल्म रामसेतु इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। बीते दिन अभिनेता ने एक वीडियो के साथ फिल्म रैप-अप की जानकारी शेयर की है। कोई शक नहीं कि इस फिल्म का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। रिलीज डेट की बात करें तो, दिवाली का त्योहार बॉक्स ऑफिस के लिए खास मायने रखता है। देशभर में इस दिन की छुट्टी रहती है, लिहाजा हर निर्माता, निर्देशक इस डेट पर नजर टिकाए बैठते हैं।
सलमान खान, शाहरुख खान से लेकर ऋतिक रोशन, अजय देवगन, अक्षय कुमार.. सभी स्टार्स ने अपने करियर की कुछ बेहतरीन फिल्में दिवाली के मौके पर दी हैं। हालांकि इस मौके पर रिलीज अब तक की सबसे बड़ी फिल्म रही है ऋतिक रोशन स्टारर कृष 3।

एक समय पर दिवाली शाहरुख खान की फिल्मों के लिए जानी जाती थी। शाहरुख की हैप्पी न्यू ईयर, जब तक है जान, रा.वन जैसी फिल्में दिवाली पर ही लाई गई थी। लेकिन धीरे धीरे दृश्य बदल चुका है।
इस मौके पर कई बार बड़ी फिल्में क्लैश भी हुई हैं। 2019 में जहां हाउसफुल 4, सांड की आंख और मेड इन चाइना रिलीज हुई थी। वहीं, 2017 में गोलमाल अगेन और सीक्रेट सुपरस्टार के साथ अजय देवगन और आमिर खान आमने सामने आए थे। पिछले 10 सालों को देखें तो दिवाली पर आयी 12 फिल्मों ने 100 करोड़ से ज्यादा.. और 5 फ़िल्मों ने 200 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया है।
यहां जानें दिवाली पर रिलीज, सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्मों की लिस्ट-

कृष 3
साल 2013 दिवाली पर रिलीज हुई थी ऋतिक रोशन की फिल्म कृष 3.. फिल्म के निर्देशक हैं राकेश रोशन। 244 करोड़ की कमाई के साथ यह दिवाली पर रिलीज सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म है।

प्रेम रतन धन पायो
साल 2015 दिवाली पर रिलीज हुई थी सलमान खान, सोनम कपूर की प्रेम रतन धन पायो। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 210 करोड़ का कलेक्शन किया था।

हाउसफुल 4
2019 दिवाली पर अक्षय कुमार आए थे। हिट फ्रैंचाइजी हाउसफुल की चौथी फिल्म.. 'हाउसफुल 4' ने 206 करोड़ कमाया था। यह अक्षय के करियर की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म है।

गोलमाल अगेन- सीक्रेट सुपरस्टार
आमिर ख़ान की 'सीक्रेट सुपरस्टार' 19 अक्टूबर को रिलीज़ हुई, जबकि 'गोलमाल अगेन' त्योहार के एक दिन बाद 20 अक्टूबर को सिनेमाघरों में पहुंची थी। दोनों फिल्में सुपरहिट रही थी। गोलमाल अगेन अजय की पहली 200 करोड़ी फ़िल्म बनी। फिल्म ने 205 करोड़ का कलेक्शन किया था।

हैप्पी न्यू ईयर
साल 2014 दिवाली पर आई थी फिल्म हैप्पी न्यू ईयर। शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण स्टारर इस फिल्म ने 203 करोड़ का कारोबार किया था। फिल्म की निर्देशक थीं फराह खान।

सूर्यवंशी
साल 2021 दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई रोहित शेट्टी की फिल्म सूर्यवंशी। अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर ये फिल्म 195 करोड़ के कलेक्शन के साथ सुपरहिट रही थी।

ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान
2018 में आमिर ख़ान की ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान दिवाली के एक दिन बाद 8 नवंबर को रिलीज़ हुई थी। विजय कृष्ण आचार्य निर्देशित फ़िल्म में अमिताभ बच्चन, आमिर ख़ान और कटरीना कैफ़ जैसे सितारे मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा थे। लेकिन 151 करोड़ के आसपास कलेक्शन करके ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान 2018 की सबसे बड़ी फ्लॉप फ़िल्मों में शामिल हुई। फिल्म 200 करोड़ से भी ज्यादा के बजट पर बनी थी।

जब तक है जान
साल 2012 में आई थी शाहरुख खान, कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा स्टारर फिल्म जब तक है जान.. 120.65 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म हिट रही थी। फिल्म के निर्देशक थे यश चोपड़ा।

रा.वन
वहीं, साल 2011 में शाहरुख खान और करीना कपूर स्टारर फिल्म रा.वन ने 118 करोड़ का बिजनेस किया था। फिल्म का बजट बहुत ज्यादा था, जिस वजह से यह बॉक्स ऑफिस पर हिट नहीं रही थी।

सन ऑफ सरदार
साल 2012 में जब तक है जान के साथ क्लैश हुई थी अजय देवगन- सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म 'सन ऑफ सरदार'। 105.03 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म हिट रही थी।


Click it and Unblock the Notifications











