'बधाई दो' वीकेंड बॉक्स ऑफिस- राजकुमार और भूमि की फिल्म ने दिखाई अच्छी बढ़त, यहां जानें 3 दिनों का कलेक्शन
राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर स्टारर फिल्म 'बधाई दो' सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीत रही है। धीमी ओपनिंग के बाद, शनिवार और रविवार को फिल्म ने अच्छा ट्रेंड दिखाया है। शनिवार को फिल्म ने 2.72 करोड़ और रविवार को 3.45 करोड़ का कलेक्शन किया है। यानि की पहले वीकेंड तक फिल्म की कमाई 7. 82 करोड़ तक पहुंच चुकी है। अब सोमवार को आंकड़ा कहां तक पहुंचता है, देखना दिलचस्प होगा।
हर्षवर्धन कुलकर्णी द्वारा निर्देशित 'बधाई दो' को दर्शकों और समीक्षकों से मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है। प्यार के सीज़न में इस फैमिली एंटरटेनर फिल्म ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने शनिवार को 64.85 प्रतिशत और रविवार को 26.84 प्रतिशत की बढ़त दिखाई है। जबकि फिल्म के नाइट शोज भी नहीं हैं।

निर्माताओं के लिए यह बहुत अच्छी खबर है क्योंकि लंबे लॉकडाउन के बाद एक बार फिर से बॉलीवुड फिल्मों ने थियेटर पर पकड़ बनाना शुरु कर दिया है। दिसंबर में रिलीज फिल्म 83 के बाद अब सीधे 'बधाई दो' 11 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।

फिल्म की कमाई
फिलहाल फिल्म के पास कमाने के लिए दो हफ्तों का समय है। अब सीधे 25 फरवरी को संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। लिहाजा, बधाई दो धीमे धीमे ही सहीं, लेकिन तब तक कमाई जारी रखेगी। ट्रेड पंडितों की मानें तो फिल्म का कुल कलेक्शन 15 करोड़ तक पहुंच सकता है।

कोविड का प्रभाव
देशभर में सिनेमाघर तो फिर से खोल दिये गए हैं, लेकिन कोविड की वजह से लोगों ने अभी भी थियेटर्स से दूरी बनाए रखी है। वहीं, कई राज्यों में अभी भी 50-60 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ ही थियेटर चल रहे हैं और नाइट शोज बंद हैं। लिहाजा, फिल्म की कमाई इससे भी प्रभावित हो रही है।

राजकुमार राव का बॉक्स ऑफिस हाल
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन देखा जाए तो राजकुमार राव की अंतिम सफल फिल्म थी स्त्री.. 2018 में आई ये फिल्म सुपरहिट रही थी। फिल्म ने 130 करोड़ का कलेक्शन किया था। उसके बाद राजकुमार की सभी फिल्में लगातार असफल रही हैं।

भूमि पेडनेकर का बॉक्स ऑफिस हाल
बॉक्स ऑफिस के मामले में भूमि पेडनेकर की फिल्मों ने ज्यादा कमाल दिखाया है। भूमि की आखिरी थियेटर में रिलीज फिल्म थी 'पति पत्नी और वो', जो कि बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। फिल्म ने लगभग 85 करोड़ का कलेक्शन किया था।


Click it and Unblock the Notifications











