8 Years Of Baahubali: ब्लॉकबस्टर फिल्म के साथ प्रभास बन गए थे बॉक्स ऑफिस के सुलतान, रिकॉर्डतोड़ हुई कमाई

8 years of Baahubali: 10 जुलाई 2015 को निर्देशक एसएस राजामौली ने दुनिया को एक ऐसी फिल्म दी, जिसने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये, बल्कि फिल्म के स्टारकास्ट की किस्मत को भी पलटकर रख दिया। जो सितारे सिर्फ साउथ इंडस्ट्री तक सीमित थे, सभी पैन इंडिया स्टार बनकर उभरे।
बाहुबली एक ऐसी फिल्म है, जिसने इतिहास रचा है। इसने पूरे भारत के दर्शकों को एक दूसरे से जोड़ दिया। एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म बाहुबली ने आज 8 साल पूरे कर लिये हैं। कोई शक नहीं कि ये फ्रैंचाइजी इस दशक की सबसे बड़ी फिल्में रही।
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ सफलता
बाहुबली ने रिलीज के साथ ही कई रिकॉर्ड बना लिये थे। फिल्म वर्ल्डवाइड 650 करोड़ की कमाई करने वाली पहली दक्षिण भारतीय फिल्म बनी थी। वहीं पहली गैर-हिन्दी फिल्म डबिंग के बाद 100 करोड़ से ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी। इसके साथ ही तेलुगू फिल्म के इतिहास में भी बाहुबली सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी।
200 दिनों तक चली थी क्लाईमैक्स सीन की शूटिंग
फिल्म में प्रभास, राणा डग्गुपति, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया, रम्या कृष्णन और सत्यराज ने मुख्य किरदार निभाया था। बता दें, फिल्म के क्लाईमैक्स में होने वाले युद्ध सीन पर निर्माता ने लगभग 30 करोड़ खर्च किया था। इस सीन में 5000 जूनियर आर्टिस्ट ने लगभग 200 दिनों तक शूटिंग की थी।
डिजाइन किये गए थे 20 हजार अस्त्र, शस्त्र
फिल्म के वीएफएक्स सुपरवाइजर श्रीनिवास मोहन ने लगभग 16 वीएफएक्स स्टूडियो के साथ मिलकर फिल्म के Vfx पर काम किया था। इसमें ढ़ाई साल लगे थे। वहीं, पूरी फिल्म के लिए लगभग 20 हजार अस्त्र, शस्त्र डिजाइन किये गए थे, जिनका इस्तेमाल पूरी फिल्म में किया गया।
बता दें, फिल्म के लेखक ने फिल्म में एक नई भाषा का प्रयोग किया था- किलकी.. जिसमें केवल 750 शब्द हैं और 40 व्याकरण के नियम। कालकेयी कबीला के लोगों द्वारा फिल्म में यह भाषा बोला गया है।
यह पहली तेलुगु फिल्म थी, जिसे 100 करोड़ से ऊपर के बजट पर बनाया गया था। पहली फिल्म 180 करोड़ की थी.. जबकि सीक्वल लगभग 250 करोड़ की। दोनों फिल्में मिलाकर बाहुबली फ्रैंचाइजी 430 करोड़ की फिल्म है। यह भारत में सबसे मंहगी फ्रैंचाइजी है।


Click it and Unblock the Notifications












