Avatar The Way Of Water: बंपर ओपनिंग के बाद भारत में 50% तक धीमी हुई कमाई, यहां जानें 5 दिनों का कलेक्शन

Avatar The Way Of Water: जेम्स कैमरून की फिल्म "अवतार- द वे ऑफ वाटर" ने भारत में 41 करोड़ के साथ काफी धमाकेदार शुरुआत ली थी। लेकिन पहले वीकेंड के बाद से फिल्म की गति धीमी पड़ती दिख रही है। वीकेंड के बाद फिल्म के कलेक्शन में 50 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी है। भारत में फिल्म ने पांच दिनों में 150 करोड़ का कलेक्शन पार किया है।
अपने पांचवे दिन यानि की मंगलवार को फिल्म ने 16 करोड़ के लगभग का कलेक्शन किया है। जिसके बाद इसकी कुल कमाई 162 करोड़ तक पहुंच चुकी है। ट्रेड पंडितों को उम्मीद है कि फिल्म अपने दूसरे वीकेंड में 200 करोड़ क्लब में एंट्री ले लेगी।
रोहित शेट्टी की फिल्म सर्कस की रिलीज से पहले अवतार बॉक्स ऑफिस पर 185-190 करोड़ तक पहुंच सकती है। शुक्रवार को सर्कस रिलीज होगी, जिसका प्रभाव अवतार 2 पर दिखाई दे सकता है क्योंकि रोहित शेट्टी की फिल्म पारिवारिक दर्शकों को अपनी तरफ खींच सकती है।
बता दें, भारत में अवतार- द वे ऑफ वाटर 3800 स्क्रीन पर रिलीज हुई है। फिल्म के 17000 से भी ज्यादा शोज, हर भाषा में दिखाए जा रहे हैं। खासकर मल्टीप्लेक्स में फिल्म की अच्छी कमाई हो रही है।
अवतार का पहला भाग 2009 में रिलीज़ किया गया था। 12 साल पहले आई इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 141.25 करोड़ की कमाई की थी। अवतार 2 से, कम से कम यह उम्मीद तो की ही जा सकती है कि फ़िल्म 250 करोड़ से ऊपर जाएगी। अवतार 2 का बजट 2000 करोड़ तक का बताया जा रहा है।
ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला के अनुसार, अवतार 2 ने दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर $450 मिलियन (लगभग 3,598 करोड़ रुपये) से अधिक की कमाई की। फिल्म ने उत्तरी अमेरिका में $134 मिलियन, चीन में $59 मिलियन और बाकी देशों में $242 मिलियन का कलेक्शन किया है।


Click it and Unblock the Notifications












