अंतिम द फाईनल ट्रुथ बॉक्स ऑफिस: शनिवार को भी चला सलमान खान - आयुष शर्मा का जादू, मज़बूती से बढ़ी कमाई
सलमान खान और आयुष शर्मा की फिल्म अंतिम द फाईनल ट्रुथ, शुक्रवार को 4.5 करोड़ की कमाई करने के बाद शनिवार को भी अच्छे नंबर से पास हो चुकी है। दूसरे दिन, शनिवार, 27 नवंबर अंतिम ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 5.2 करोड़ की कमाई की है और दो दिनों में फिल्म की कुल कमाई 10 करोड़ पहुंच चुकी है।
माना जा रहा है कि फिल्म अब 17 करोड़ के मज़बूत वीकेंड की तरफ बढ़ रही है। फिल्म को महेश मांजरेकर ने डायरेक्ट किया है और ये मराठी फिल्म mulshi pattern का हिंदी रीमेक है। मराठी फिल्म को भी महेश मांजरेकर ने ही डायरेक्ट किया था।

दिलचस्प है कि इस बार सलमान खान ही नहीं बल्कि उनके जीजा जी आयुष शर्मा के काम की भी तारीफ हो रही है जो कि आयुष के करियर के लिए काफी अच्छा है। आयुष ने लवयात्री नाम की फिल्म से अपने करियर की शुरूआत की थी लेकिन वो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज़्यादा कमाल नहीं कर पाई थी।

शनिवार को भी मज़बूत पकड़
शनिवार को अंतिम ने थिएटर में 14.5 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की। फिल्म ने सुबह के शो में 8.3 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ शुरूआत की। दोपहर तक ये आंकड़ा 11.5 प्रतिशत पर पहुंचा। शाम को फिल्म के प्रति दर्शकों का प्यार और बढ़ा और फिल्म ने 16.72 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की। वहीं रात के शो में अगले दिन रविवार होने का असर साफ दिखा और फिल्म ने लगभग 22 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की।

औसत से अच्छा प्रदर्शन
अंतिम ने सभी बड़े शहरों में औसत से अच्छा प्रदर्शन किया। मुंबई में फिल्म ने 22 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की जो सुबह के शो में 11 प्रतिशत ही रही लेकिन रात के शो तक 36 प्रतिशत तक बढ़ी। पुणे में भी फिल्म ने लगभग ऐसा ही प्रदर्शन करते हुए 22.5 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की जो रात के शो में 33 प्रतिशत तक पहुंची। मुंबई में फिल्म के लगभग 600 और पुणे में 200 शो चल रहे हैं।

दक्षिण के शहरों में मिला जुला प्रदर्शन
दक्षिण के शहरों में भी फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है। चेन्नई के 73 शहरों में फिल्म की ऑक्यूपेंसी 20 प्रतिशत रही। फिल्म ने 18 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ शुरूआत की जो रात के शो में 23 प्रतिशत तक पहुंची। हैदराबाद में फिल्म ने 18 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की तो बेंगलुरू में ये आंकड़ा अच्छा नहीं रहा और फिल्म ने शनिवार को दूसरे दिन केवल 8.5 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की।

दिल्ली में नहीं दिखा असर
बाकी के शहरों में फिल्म का ज़्यादा असर नहीं दिखा। जहां दिल्ली में फिल्म ने केवल 10 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की वहीं लखनऊ में फिल्म ने 8 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। कोलकाता में भी फिल्म ने 230 शो में केवल 7 - 8 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। जयपुर - सूरत में फिल्म ने 11 - 12 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की तो भोपाल में भी केवल 8 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की।

नहीं पड़ा क्लैश का असर
अंतिम द फाईनल ट्रुथ, जॉन अब्राहम की फिल्म सत्यमेव जयते 2 की रिलीज़ के एक दिन बाद रिलीज़ हुई लेकिन जॉन अब्राहम, कहीं से भी सलमान खान - आयुष शर्मा की फिल्म पर कोई असर नहीं डाल पाए। वहीं दूसरी तरफ, सूर्यवंशी की कमाई का असर भी अंतिम पर नहीं पड़ा है और फिल्म अपनी गति धीरे धीरे बढ़ाते हुए बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ रही है। माना जा रहा है कि फिल्म 17 करोड़ का वीकेंड दे सकती है।


Click it and Unblock the Notifications