अल्लू अर्जुन की पुष्पा (हिंदी) का बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट- 2022 में थियेटर्स में कमा रही एकलौती फिल्म, सुपरहिट
2022 में अब तक एक भी हिंदी फिल्म को थियेटर्स में रिलीज नहीं किया गया है। जिससे अल्लू अर्जुन स्टारर फिल्म पुष्पा अब तक सिनेमाघरों में दौड़ रही है और अपने रिलीज के 6 हफ्तों के बाद भी शानदार कमाई कर रही है। फिल्म ने अपने छठे हफ्ते में 3.5 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है और पुष्पा हिंदी का कलेक्शन अब 92 करोड़ पार पहुंच चुका है।
फिल्म के प्रति दर्शकों का क्रेज देखकर उम्मीद है कि पुष्पा का कलेक्शन इस हफ्ते फिर से ऊपर जा सकता है। फिल्म को गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) की छुट्टी का फायदा मिलेगा। ट्रेड पंडितों की मानें तो पुष्पा की हिंदी डबिंग का 100 करोड़ पार जाना कंफर्म है।

खास बात है कि 14 जनवरी को फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर भी उपलब्ध हो चुकी है, लेकिन हिंदी में फिल्म अभी भी थियेटर्स में दौड़ रही है और बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से पकड़ बना रखा है। फिल्म सुपरहिट हो चुकी है।
भारत में ही नहीं, फिल्म ने ओवरसीज में भी अच्छी कमाई की है। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।

7वीं 300 करोड़ी फिल्म
दक्षिण भारतीय फिल्मों की बात करें तो पुष्पा वर्ल्डवाइड 300 करोड़ पार करने वाली 7वीं फिल्म बन चुकी है। पुष्पा से पहले रोबोट, बाहुबली, बाहुबली 2, कबाली, 2.0 और साहो ने ये आंकड़ा पार किया है।

मुनाफेदार फिल्म
यह ना सिर्फ 2021 की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्मों में शामिल हो चुकी है, बल्कि साल की सबसे ज्यादा मुनाफेदार फिल्म भी बन चुकी है। फिल्म के हिंदी डब ने 300 प्रतिशत से ऊपर का मुनाफा कमाया है। जबकि अभी भी फिल्म की कमाई जारी है।

5 भाषाओं में रिलीज
स्पाइडरमैन और 83 से कंपिटिशन मिलने के बावजूद फिल्म ने सिनेमाघरों में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी और साल 2021 की सुपरहिट फिल्म बनी। 'पुष्पा: द राइज़-पार्ट 1' अमेज़न प्राइम वीडियो पर तमिल, तेलुगु, मलयालम, हिंदी और कन्नड़ में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।

टॉप 3 में शामिल
92 करोड़ की कमाई के साथ पुष्पा का हिंदी वर्जन साल 2021 की टॉप 3 फिल्मों में शामिल हो चुका है। हिंदी फिल्मों में पुष्पा से ज्यादा कमाने वाली फिल्म है- सूर्यवंशी (195.04 करोड़) और 83 (102 करोड़)..

वर्ल्डवाइड कलेक्शन
फिल्म ना सिर्फ भारत में, बल्कि ओवरसीज में भी तहलका मचा रही है। पुष्पा ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर अब तक 335 करोड़ का कलेक्शन पार कर लिया है। इसने पूरी दुनिया में सिनेमाप्रेमियों के बीच अपनी ज़बरदस्त उपस्थिति दर्ज करके क्षेत्रीय सिनेमा के दायरे को पार कर लिया है।

'पुष्पा द राइज पार्ट-1'
सुकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना मुख्य किरदारों में हैं। यह फिल्म तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में रिलीज हुई है। फिल्म को 200 करोड़ के भारी भरकम बजट पर तैयार किया गया है।


Click it and Unblock the Notifications