83 फिल्म वीकेंड बॉक्स ऑफिस: रविवार को स्पाईडरमैन - पुष्पा के आगे लड़खड़ाई रणवीर सिंह की फिल्म, जानिए कमाई
रणवीर सिंह स्टारर 83 ने बॉक्स ऑफिस पर रविवार 26 दिसंबर को बिना कोई बढ़त दिखाते हुए तीन दिन में 45 करोड़ का निराशाजनक वीकेंड दिया है। हालांकि, सूर्यवंशी के 77 करोड़ के बाद ये 2021 का दूसरा सबसे बड़ा वीकेंड है। 83 ने रविवार को बॉक्स ऑफिस पर 17 करोड़ की कमाई की है।
फिल्म ने जहां शुक्रवार को 12.6 करोड़ की कमाई की थी वहीं शनिवार को ये आंकड़ा 34 प्रतिशत बढ़त दिखाई दी। लेकिन इसके बाद रविवार को फिल्म ने कोई बढ़त ना दिखाते हुए 17 करोड़ के लगभग कमाई की है और कुल 46 करोड़ का वीकेंड दिया है।

गौरतलब है कि 83 की शुरूआत शुक्रवार, 24 दिसंबर को भले ही काफी धीमी थी लेकिन माना जा रहा था कि शानदार वर्ड ऑफ माउथ के बाद ये फिल्म क्रिसमस और रविवार को कुछ ऐसा कमाल करेगी कि बॉक्स ऑफिस पर जादुई आंकड़े दिखाई देंगे। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो पाया है।

नाइट कर्फ्यू ने बदल दिए आंकड़े
रविवार को भी 83 ने थिएटर में 57 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। जहां सुबह के शो की शुरूआत 39 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ हुई वहीं शाम तक ये आंकड़ा तेज़ी से उछाल मारते हुए 73 प्रतिशत तक गया। लेकिन कई शहरों में नाईट कर्फ्यू और कड़े नियमों के कारण, रात के शो में फिल्म की ऑक्यूपेंसी वापस गिर कर 60 प्रतिशत हो गई जिसका सीधा असर, फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर नज़र आया।

धीमी थी एडवांस बुकिंग
83 अपनी एडवांस बुकिंग से ही धीमी चल रही थी। फिल्म ने एडवांस में पहले दिन के लिए लगभग 1.5 लाख टिकट बेचे थे जबकि सूर्यवंशी के लिए ये आंकड़ा 7 लाख था। यही कारण था कि फिल्म केवल 12.6 करोड़ की ओपनिंग कर पाई। हालांकि, इसके बावजूद ये फिल्म रणवीर सिंह की टॉप 5 ओपनिंग में शामिल हुई। हालांकि, रणवीर सिंह की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्म है सिंबा जिसने 20 करोड़ की ओपनिंग दी थी।

क्रिसमस पर भी नहीं चला जादू
क्रिसमस हिंदी फिल्मों के लिए लकी डेट रहा है और इस दिन फिल्में जमकर कमाई करती हैं। जहां दंगल ने इस दिन लगभग 40 करोड़ की कमाई की थी वहीं सलमान खान की टाईगर ज़िंदा है ने भी 36 करोड़ की कमाई की थी। लेकिन रणवीर सिंह की फिल्म 83 क्रिसमस का कोई फायदा नहीं उठा पाई। फिल्म ने क्रिसमस पर केवल 55 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की और 16 करोड़ की कमाई की। 2012 में आई डॉन 2 ने भी क्रिसमस पर 17 करोड़ की कमाई की थी।

लगातार मिल रही है टक्कर
रणवीर सिंह के लिए कमाई बेहद मुश्किल होती जा रही है अंग्रेज़ी फिल्म स्पाईडरमैन और तेलुगू फिल्म पुष्पा द राईज़ के हिंदी वर्जन की धमाकेदार कमाई के साथ। दोनों ही फिल्मों की हिंदी डबिंग बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है और इसका सीधा असर पड़ रहा है रणवीर सिंह की फिल्म 83 पर।

बहुत महंगी फिल्म
83 बहुत ही बड़े बजट पर बनी फिल्म है। फिल्म को बनाने में 135 करोड़ की लागत लगी है और जिस हिसाब से फिल्म कमाई कर रही है, ये लागत निकालना भी फिलहाल के लिए मुश्किल लग रहा है। हालांकि, 83 की रिलीज़ से पहले, फिल्म का काफी माहौल बनाया गया था और माना जा रहा था कि ये 2021 की सबसे बड़ी फिल्म बनकर निकलेगी। लेकिन फिलहाल तो फिल्म की 150 करोड़ कमाई भी बहुत मुश्किल लग रही है।

आधी की है फीस
इस फिल्म के लिए रणवीर सिंह ने अपनी फीस आधी कर ली थी और फिल्म में प्रॉफिट का हिस्सा मांगा था। लेकिन फिलहाल तो फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर प्रॉफिट कमा पाने के आसार बेहद कम लग रहे हैं। हालांकि, फिल्म को पहले ही डिज़्नी हॉटस्टार और नेटफ्लिक्स ने काफी ऊंची बोलियों में खरीद लिया है और माना जा रहा है कि नेटफ्लिक्स पर फिल्म जनवरी के अंत तक आ जाएगी। 83 की कम कमाई का कारण, फिल्म का लीक हो जाना भी है।

मुश्किल होंगे आने वाले दिन
83 के पास अब कमाई के लिए ज़्यादा वक्त नहीं बचा है। जहां इस हफ्ते, शाहिद कपूर की फिल्म जर्सी सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है वहीं अगले हफ्ते तो राजामौली की फिल्म RRR का डंका बज जाएगा जिसके बाद रणवीर सिंह की फिल्म के लिए कमाई का मौका ना के बराबर होगा। ऐसे में 83 के पास कमाने के लिए यही एक हफ्ता होगा।


Click it and Unblock the Notifications