83 बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट- रणवीर सिंह की फिल्म ने पहले हफ्ते पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा, वर्ल्डवाइड कलेक्शन
कबीर खान के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 83 ने सिनेमाघरों में एक हफ्ता गुजार लिया है। जबकि फिल्म को समीक्षकों से खूब तारीफ मिली थी, दर्शक थियेटर से दूर दिख रहे हैं। पहले हफ्ते तक फिल्म ने भारत में फिल्म ने 70 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। जबकि वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 115 करोड़ तक का कलेक्शन कर चुकी है।
1983 क्रिकेट विश्व कप पर आधारित फिल्म 83 ने भले ही बहुत तारीफें बटोरी, समीक्षकों का दिल जीता, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म बहुत निराश कर रही है। फिल्म ने अपने सातवें दिन यानि की गुरुवार को 6 करोड़ के लगभग का कलेक्शन किया है।

हालांकि फिल्म ओवरसीज में अच्छा बिजनेस कर रही है, लेकिन भारत में ज्यादा स्क्रीन होने के बावजूद फिल्म ठंडी पड़ चुकी है। इस फिल्म ना सिर्फ इसकी टीम को बल्कि ट्रेड पंडितों को भी काफी उम्मीद थी। फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर सूर्यवंशी जैसा तहलका करने का इंतजार था, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।

भारी भरकम बजट
कोविड के समय को ये आंकडे़ भले ही कम नहीं हैं। लेकिन 83 के भारी भरकम बजट के हिसाब से यह निराशाजनक हैं। फिल्म अपने पहले हफ्ते तक भारत में 70 करोड़ के लगभग तक ही पहुंच पाई है, जबकि फिल्म से 90-100 करोड़ तक की उम्मीद थी।

100 करोड़ है मुश्किल
ट्रेड पंडितों की मानें तो अब फिल्म के लिए भारत में 100 करोड़ क्लब में एंट्री लेना मुश्किल है। क्रिसमस के मौके पर रिलीज किसी बड़ी फिल्म का यह हाल होना हैरानी की बात भी है। बता दें, क्रिसमस पर रिलीज ज्यादातर फिल्में बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्मों में शामिल हैं।

आठवीं सबसे बड़ी फिल्म
फिलहाल ये फिल्म रणवीर सिंह के करियर की आठवीं सबसे बड़ी फिल्म है। रणवीर की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्मों में शामिल है- पद्मावत, सिंबा, बाजीराव मस्तानी, गली बॉय, गोलियों की रासलीला-राम लीला, गुंडे और दिल धड़कने दो..

बजट और कमाई
83 का बजट 125-130 करोड़ तक का बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म को हिट होने के लिए कम से कम 150 करोड़ का कलेक्शन करना था। लेकिन अब यह मुश्किल क्या नामुकिन दिख रहा है।

स्पाईडरमैन और पुष्पा से जबरदस्त टक्कर
83 के कम कलेक्शन का एक मुख्य कारण स्पाइडरमैन और पुष्पा भी है। ये दोनों फिल्में 83 से एक हफ्ते पहले ही रिलीज हुई थी.. लेकिन दोनों का ऐसा कहर रहा कि यह आज तक कमा रही है। स्पाइडरमैन ने भारत में 185 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, वहीं पुष्पा का सिर्फ हिंदी वर्जन 40 करोड़ तक पहुंच चुका है।

दिल्ली में सिनेमाघर बंद
बीते दिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में सिनेमाघरों को बंद करने का ऐलान किया है। देश में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। ऐसे में 83 के लिए यह किसी झटका से कम नहीं। दिल्ली हिंदी फिल्मों की कमाई का एक बड़ा मार्केट होता है, जो अब 83 के लिए बंद हो चुका है।


Click it and Unblock the Notifications











