हिंदी बॉक्स ऑफिस पहला तिमाही: 9 फिल्में, 630 करोड़, मार्च में 2 ब्लॉकबस्टर के 350 करोड़, कितनी हिट - फ्लॉप
2022 का पहला तिमाही खत्म हो चुका है और हिंदी बॉक्स ऑफिस पर कोरोना काल के बाद 2022 के पहले तिमाही में धन की बारिश हुई है। वो भी तब जब पहले तिमाही में पहला महीना कोई नई फिल्म रिलीज़ नहीं हुई। कोरोना के चलते जनवरी में फिल्में पूरी तरह गायब रहीं। थिएटर में फिल्मों की वापसी हुई फरवरी में।
11 फरवरी को वैलेंटाइन्स वीक पर पहली हिंदी फिल्म ने थिएटर में दस्तक दी राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर स्टारर बधाई दो के साथ। इसके बाद फरवरी और मार्च का कोई भी शुक्रवार खाली नहीं गया।

इन दो महीनों में 9 फिल्में हिंदी बॉक्स ऑफिस पर रिलीज़ हुईं जिनमें से पांच हिंदी फिल्में थीं, एक हिंदी में डब अंग्रेज़ी फिल्म और तीन हिंदी में डब साउथ की फिल्में। इन 9 फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन किया, जानिए पहले तिमाही की इस बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट में।

कमाते रहे अल्लू अर्जुन
यूं तो जनवरी में कोई फिल्म रिलीज़ नहीं हुई। लेकिन अल्लू अर्जुन की पुष्पा जो कि 17 दिसंबर को रिलीज़ हुई थी, हिंदी बॉक्स ऑफिस पर जनवरी में भी कमाई करती रही। इतना ही नहीं, लीक होने के बाद, दूसरी भाषाओं में ओटीटी पर रिलीज़ होने के बावजूद, पुष्पा हिंदी बॉक्स ऑफिस पर कमाई करती रही। फिल्म ने कुल मिलाकर हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 106 करोड़ की कमाई की जिसमें काफी कमाई जनवरी के महीने में भी हुई।

आगे बढ़ती गईं फिल्में
यूं तो सूर्यवंशी की रिलीज़ के बाद धड़ाधड़ फिल्मों की लाईन लग गई थी।लेकिन 83 के धीमे पड़ने के साथ ही कोरोना की एक और दस्तक ने सारा प्लान ठप कर दिया। जहां आर आर आर से लेकर गंगूबाई और राधे श्याम से लेकर पृथ्वीरात तक फिल्में जनवरी में ही धमाका करने वाली थीं, कोरोना की अगली दस्तक के साथ जनवरी की सारी रिलीज़ को आगे सरका दिया गया। नहीं तो पहले तिमाही के आंकड़े कुछ और ही होते।

9 फिल्में 640 करोड़
हिंदी बॉक्स ऑफिस पर पहली रिलीज़ फिल्म थी बधाई दो। इसके बाद पांच हिंदी फिल्में - बधाई दो (19.5 करोड़) , गंगूबाई काठियावाड़ी (128.8 करोड़), झुंड (17.2 करोड़), द कश्मीर फाइल्स (236.28 करोड़) और बच्चन पांडे (50.2 करोड़) ने मिलकर 450 करोड़ की कमाई की। वहीं दक्षिण की फिल्में वलीमई (1.5 करोड़), राधे श्याम (19.2 करोड़) और आर आर आर (120.5 करोड़) ने मिलकर 141.2 करोड़ की कमाई। अंग्रेज़ी फिल्म बैटमैन ने 44 करोड़ की कमाई की। कुल मिलाकर तीन महीनों में हिंदी बॉक्स ऑफिस ने 636 करोड़ की कमाई की।

फरवरी में धीमी रही रफ्तार
फरवरी में फिल्मों की रफ्तार धीमी ही रही। फरवरी में बॉक्स ऑफिस पर केवल तीन फिल्में रिलीज़ हुईं। बधाई दो, वलीमई हिंदी और गंगूबाई काठियावाड़ी। तीनों ही फिल्में हिंदी बॉक्स ऑफिस पर अपनी कमाई नहीं निकाल पाईं। जहां बधाई दो का बजट था लगभग 35 करोड़, फिल्म ने केवल 19.5 करोड़ की कमाई की और फ्लॉप हो गई। वहीं गंगूबाई काठियावाड़ी का भी बजट था 180 करोड़। फिल्म केवल 128 करोड़ की ही कमाई कर पाई।

बजट से कम हुई कमाई
मार्च के महीने की शुरूआत हुई थी अंग्रेज़ी फिल्म बैटमैन के साथ जिसने 44 करोड़ की अच्छी खासी कमाई की। इसके बाद हर हफ्ते, फिल्में रिलीज़ हुईं क्लैश हुईं कुछ हिट हुईं और कुछ फ्लॉप। मार्च के महीने की सबसे बड़ी निराशा रही प्रभास स्टारर राधे श्याम। लगभग 350 करोड़ के बजट पर बनी ये फिल्म हिंदी बॉक्स ऑफिस पर धराशाई हो गई। वहीं अमिताभ बच्चन स्टारर झुंड 17.2 कमा ले गई। हालांकि, इस फिल्म का बजट भी 22 करोड़ रूपये था।

द कश्मीर फाइल्स ने संभाला मोर्चा
लेकिन बॉक्स ऑफिस पर मार्च का मोर्चा संभाला विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने। ये फिल्म 11 मार्च को रिलीज़ हुई और राधे श्याम के साथ क्लैश हुई। फिल्म ने 3.5 करोड़ की ओपनिंग दी। लेकिन फिल्म का वर्ड ऑफ माउथ इतना तगड़ा था कि हर दिन ये अपनी कमाई में बढ़ोतरी करती गई। द कश्मीर फाइल्स की कमाई अभी भी जारी है और फिल्म ने अब तक 236 करोड़ की कमाई के साथ ब्लॉकबस्टर का तमगा हासिल कर लिया है।

बच्चन पांडे की होली फीकी
द कश्मीर फाइल्स के बाद बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दी अक्षय कुमार की होली रिलीज़ बच्चन पांडे। लेकिन बच्चन पांडे की होली, द कश्मीर फाइल्स के आगे बेरंग रह गई। जहां बच्चन पांडे के साथ एक बार फिर अक्षय कुमार के साथ बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही थीं, ये फिल्म अक्षय कुमार के करियर की सबसे बड़ी फ्लॉप में से एक साबित हुई। वो भी तब जब पिछले एक दशक में अक्षय ने कोई फ्लॉप फिल्म नहीं दी थी। फिल्म का बजट है 180 करोड़।

आर आर आर की आंधी
इसके बाद बॉक्स ऑफिस पर आई आर आर आर की आंधी जिसने तेलुगू बॉक्स ऑफिस और वर्ल्ड बॉक्स ऑफिस के साथ ही हिंदी बॉक्स ऑफिस पर भी तबाही मचा दी। रिलीज़ के 7 दिनों के अंदर, आर आर आर हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 120 करोड़ की कमाई कर चुकी है और कोरोना काल के बाद सबसे तेज़ 100 करोड़ी हिंदी फिल्म भी बन चुकी है।

नहीं रूकेगी कमाई
कुल मिलाकर, जनवरी से मार्च तक पहले तिमाही में हिंदी बॉक्स ऑफिस पर लगभग 640 करोड़ की कमाई हो चुकी है। अच्छी खबर ये है कि ये फिलहाल द कश्मीर फाइल्स और आर आर आर, बॉक्स ऑफिस पर कमाई करना नहीं छोड़ेंगी। इन फिल्मों की कमाई कब तक जारी है और इनका लाइफटाइम कलेक्शन कितना होगा, ये देखना काफी दिलचस्प होगा।

2020 - 21 का पहला तिमाही
अगर तुलना की जाए तो 2020 के पहले तिमाही ने 783 करोड़ की कमाई की थी जिसमें तान्हाजी सबसे बड़ी फिल्म बनकर उभरी थी। तान्हाजी ने 279 करोड़ की कमाई की थी। कोरोना से पहले, रिलीज़ होने वाली आखिरी बड़ी फिल्म थी टाईगर श्रॉफ की बागी 3 जिसने 97 करोड़ की कमाई की थी। 2020 के पहले तिमाही में 13 फिल्में रिलीज़ हुई थीं जिनमें - तान्हाजी, छपाक, पंगा, स्ट्रीट डांसर 3d, भूत, शुभ मंगल ज़्यादा सावधान, मलंग, थप्पड़, जवानी जानेमन, शिकारा, लव आजकल, अंग्रेज़ी मीडियम शामिल थीं।
इसके बाद 2021 में कोरोना काल के कारण पहले तिमाही में केवल 7 फिल्में रिलीज़ हुईं जिन्होंने मिलकर 100 करोड़ की कमाई भी नहीं की थी। इस दौरान सबसे बड़ी फिल्म थी गॉडज़िला Vs किंग जिसने 46 करोड़ की कमाई की थी। दूसरी बड़ी फिल्म थी जान्हवी कपूर - राजकुमार राव स्टारर रूही जिसने 25 करोड़ की कमाई की थी।


Click it and Unblock the Notifications











