आसान नहीं था भोजपुरी फिल्म स्टार मनोज तिवारी का सफर, जगराते में गाते हुए पहली बार मिली थी लोकप्रियता

मनोज तिवारी भोजपुरी जगत के सबसे कामयाब कलाकारों में से एक हैं. वह एक्टर होने के साथ-साथ एक अच्छे सिंगर भी हैं. मनोज तिवारी का करियर बतौर भोजपुरी गायक शुरू हुआ था. वे मंदिरों में गाया करते थे और जगराते किया करते थे. वे गायक तौर पर पहचाने जाने लगे और बाद में उन्हें फिल्मों में काम मिलने लगा.
मनोज तिवारी से जुड़ा एक किस्सा मशहूर है जो हम यहां आपसे साझा कर रहे हैं. जिस दौर में मनोज तिवारी मंदिरों में जगराते करते थे उस दौरान एक बार वे चोटिल हालत में जगराता कर रहे थे. उन्हें पहले से ही चोट लगी हुई थी. लेकिन जगराते में वे इतना लीन होकर भजन गा रहे थे कि उन्हें एहसास ही नहीं हुआ कि कब उनकी चोट से खून निकलने लगा.
वहां जगराते में मौजूद लोगों को इसे देखकर बड़ा आश्चर्य हुआ कि मनोज को दर्द का एहसास तक नहीं था. उनका ऐसा परफॉर्मेंस देखकर लोग उनसे बहुत प्रभावित हुए. इसके बाद तो वे काफी फेमस भी हो गए. लोग उन्हें पहचानने लगे. उनकी लोकप्रियता बढ़ने लगी और उन्हें फिल्मों में काम करने के ऑफर मिलने लगे.
मनोज तिवारी ने साल 2004 में फिल्म 'ससुरा बड़ा पईसवाला' से भोजपुरी सिनेमा में डेब्यू किया था. यह फिल्म सुपरहिट रही थी और मनोज रातोंरात भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के स्टार बन गए. मनोज तिवारी का करियर आसान नहीं था. जगराते में गाने से भोजपुरी जगत के सुपरस्टार बनने का सफर काफी मुश्किल रहा. पर उन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट से अपनी अलग पहचान बनाई.


Click it and Unblock the Notifications