करीना-अनुष्का की तरह दूसरी बार मां बनी एकट्रेस, अस्पताल से ही दिखा दिया लक्ष्मी का चेहरा

Nidhi Jha Welcome Baby Girl: भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री निधि झा ने गुरुवार को अपनी ज़िंदगी का एक बेहद सुखद और खास लम्हा अपने प्रशंसकों के साथ साझा किया। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डालकर यह खुशखबरी दी कि वह दूसरी बार मां बनी हैं। इस खबर के सामने आते ही उनके चाहने वालों ने बधाइयों की झड़ी लगा दी।
निधि झा ने अपनी नवजात बेटी के साथ एक प्यारी सी तस्वीर शेयर की है। तस्वीर के साथ उन्होंने भावनाओं से भरा कैप्शन लिखा, "लक्ष्मी हमारे घर पधारी हैं। पूरे भोजपुरिया परिवार से निवेदन है कि हमारी बिटिया रानी को आशीर्वाद दें। आज सुबह हमारे घर में सुख और समृद्धि लेकर नन्ही परी आई है। आप सभी के प्यार और शुभकामनाओं के लिए हृदय से धन्यवाद।"
अभिनेत्री की निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही है। उन्होंने साल 2022 में भोजपुरी फिल्मों के मशहूर अभिनेता यश कुमार से शादी की थी। दोनों की जोड़ी न केवल पर्दे पर बल्कि असल ज़िंदगी में भी लोगों के बीच काफी चर्चित रही है।
निधि और यश की मुलाकात 2018 में फिल्म इंडिया वर्सेस पाकिस्तान के सेट पर हुई थी, जहां दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। कई सालों तक एक-दूसरे को समझने और रिश्ते को समय देने के बाद दोनों ने विवाह का फैसला किया।
शादी के कुछ ही समय बाद इस जोड़ी ने अपने पहले बेटे शिवाय का स्वागत किया था। अब बेटी के जन्म से उनके परिवार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं। फैंस सोशल मीडिया पर निधि और यश को बधाई देते हुए दोनों के उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications