मशहूर यूट्यूबर Mani Meraj गिरफ्तार! यूट्यूबर पर गर्लफ्रेंड का रेप और धर्म परिवर्तन करवाने का आरोप!

Bihar YouTuber Mani Meraj arrested: बिहार के जाने-माने यूट्यूबर मनी मेराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार शाम उत्तर प्रदेश पुलिस ने पटना के अनीसाबाद इलाके से उसे पकड़ा। मनी मेराज पर उनकी कथित गर्लफ्रेंड और भोजपुरी एक्ट्रेस वन्नू दी ग्रेट ने रेप, जबरदस्ती धर्म परिवर्तन और मानसिक उत्पीड़न जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में यूपी के खोरा थाने में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस की कार्रवाई
गर्दनीबाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि यूपी पुलिस की टीम पटना पहुंची थी और स्थानीय पुलिस की मदद से अनीसाबाद से मनी मेराज को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे गर्दनीबाग थाने में रखा गया, जहां शुरुआती पूछताछ की गई। रविवार को उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया गया ताकि उसे उत्तर प्रदेश ले जाया जा सके।
उन्होंने आगे बताया- 'यूपी पुलिस ने मनी मेराज को अनीसाबाद से गिरफ्तार किया है। ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और आरोपी को उत्तर प्रदेश ले जाया जाएगा।'
वन्नू का आरोप
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में पीड़िता वन्नू दी ग्रेट ने मनी मेराज पर कई चौंकाने वाले आरोप लगाए। वन्नू का कहना है कि मनी मेराज ने ढाई साल पहले अपनी शादी की बात छिपाकर दोस्ती की। इसके बाद एक दिन उसने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और फिर जबरदस्ती शादी कर ली। शादी के बाद उसने शर्त रखी कि इस बात की जानकारी किसी को नहीं दी जाएगी।
जबरन एबॉर्शन और धर्म परिवर्तन का मामला
वन्नू का आरोप है कि शादी के बाद मनी मेराज ने लगातार उसका शारीरिक शोषण किया। जब वो प्रेग्नेंट हुईं, तो जबरन एबॉर्शन कराया गया। इतना ही नहीं, मनी मेराज पर वन्नू ने जबरन धर्म परिवर्तन करवाने का दबाव भी बनाया और उसे मांस खाने के लिए मजबूर करने की कोशिश की।
धमकी और बदनाम करने की कोशिश
वन्नू ने बताया कि जब उन्होंने विरोध किया तो मनी मेराज ने उन्हें धमकाया और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की कोशिश की। इसके बाद महिला ने यूपी के खोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद से मनी मेराज फरार था।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा
यूपी पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए मनी मेराज की लोकेशन ट्रेस की और उसे पटना से गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों की मानें तो, आरोप बेहद गंभीर हैं। जांच के बाद पुलिस जल्द ही चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में और कौन शामिल था।
कौन हैं मनी मेराज?
मनी मेराज बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं और सोशल मीडिया पर अपने कॉमेडी वीडियो और मनोरंजक कंटेंट की वजह से काफी लोकप्रिय हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर लाखों फॉलोअर्स हैं। उनकी गिरफ्तारी की खबर फैलते ही फैंस के बीच हैरानी और निराशा का माहौल है। फिलहाल मनी मेराज को उत्तर प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया गया है और इस केस की आगे की जांच जारी है।


Click it and Unblock the Notifications











