IFFM 2026: दक्षिणी गोलार्ध में भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा उत्सव इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) ने 2026 संस्करण की ओपनिंग नाइट फिल्म के रूप में समीक्षकों द्वारा सराही गई तमिल फिल्म 'मेंबर्स ऑफ द प्रॉब्लेमैटिक फैमिली' के ऑस्ट्रेलियाई प्रीमियर की घोषणा की है।
बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (बर्लिनाले) 2026 में शानदार वर्ल्ड प्रीमियर के बाद यह फिल्म अब अपने अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल सफर को आगे बढ़ाते हुए IFFM में ऑस्ट्रेलियाई प्रीमियर करेगी। फिल्म के निर्देशक आर. गौतम और मुख्य अभिनेता करुथ्थडायन ओपनिंग नाइट समारोह और फिल्म के ऑस्ट्रेलियाई प्रीमियर में शामिल होंगे। इस साल फेस्टिवल 13 से 23 अगस्त तक आयोजित होगा, जबकि ओपनिंग नाइट फिल्म का प्रदर्शन 14 अगस्त को मेलबर्न में किया जाएगा। इस फिल्म को इस साल IFFM अवॉर्ड्स की ज्यूरी प्रतियोगिता में बेस्ट इंडी फिल्म और बेस्ट डायरेक्टर श्रेणियों में भी नामांकन मिला है। अपने पहले ही निर्देशन में निर्देशक आर. गौतम ने एक बेहद प्रभावशाली और संवेदनशील कहानी पेश की है। 'मेंबर्स ऑफ द प्रॉब्लेमैटिक फैमिली' की कहानी प्रभा नाम के एक परेशान युवा की रहस्यमयी मौत के बाद शुरू होती है। उसकी मौत पूरे परिवार और समुदाय को झकझोर देती है। 16 दिनों तक चलने वाली अंतिम संस्कार की रस्मों के दौरान उसकी मां, मामा, चचेरे भाई-बहन और अन्य रिश्तेदार एक साथ इकट्ठा होते हैं। इस दौरान वर्षों से दबे हुए जज़्बात, रिश्तों की उलझनें और परिवार के भीतर चल रहे तनाव धीरे-धीरे सामने आते हैं। कई किरदारों के ज़रिए यह फिल्म दुख, पारिवारिक रिश्तों और इंसानी स्वभाव को बेहद ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ दिखाती है। यह प्यार, बिछड़ने और समाज को जोड़ने वाले नाज़ुक रिश्तों की एक भावुक कहानी है। IFFM हमेशा से भारत की अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और कहानी कहने की परंपरा को दुनिया तक पहुंचाने का काम करता आया है। 'मेंबर्स ऑफ द प्रॉब्लेमैटिक फैमिली' को इस साल की ओपनिंग नाइट फिल्म के रूप में चुना जाना इस बात का प्रमाण है कि फेस्टिवल भारतीय सिनेमा की विविधता और बेहतरीन कहानियों को वैश्विक मंच देने के अपने संकल्प पर कायम है। फिल्म के निर्देशक आर. गौतम ने कहा, "'मेंबर्स ऑफ द प्रॉब्लेमैटिक फैमिली' मेरे दिल के बहुत करीब है। यह फिल्म दुख, परिवार और हर समाज के भीतर मौजूद जटिल रिश्तों की कहानी कहती है। बर्लिनाले में प्रीमियर के बाद इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न की ओपनिंग नाइट फिल्म बनना हमारे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। IFFM आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का एक अहम मंच बन चुका है और मैं अपनी पूरी टीम के साथ ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों के सामने यह फिल्म पेश करने के लिए बेहद उत्साहित हूं।" IFFM की फेस्टिवल डायरेक्टर मितु भौमिक लांगे ने कहा, "IFFM हमेशा से भारत के हर कोने और हर भाषा की कहानियों को दुनिया के सामने लाने का मंच रहा है। 'मेंबर्स ऑफ द प्रॉब्लेमैटिक फैमिली' एक बेहतरीन पहली फिल्म है, जो तमिल संस्कृति से गहराई से जुड़ी होने के बावजूद अपने भाव, रिश्तों और इंसानी अनुभवों के कारण पूरी दुनिया के दर्शकों से जुड़ती है। हमें बेहद खुशी है कि इसकी ऑस्ट्रेलियाई प्रीमियर हमारे फेस्टिवल की ओपनिंग नाइट फिल्म के रूप में होगी और हम निर्देशक रामलिंगम गौतम तथा मुख्य अभिनेता करुथ्थडायन का मेलबर्न में स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं।" इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न 2026 में इस बार भी कई चर्चित फिल्मों की स्क्रीनिंग, खास बातचीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष आयोजन होंगे, जो भारत की विभिन्न भाषाओं, क्षेत्रों और परंपराओं से आने वाले श्रेष्ठ सिनेमा का उत्सव मनाएंगे।More Articles