Arjun Banerjee: भारत की सबसे बड़ी घरेलू मीडिया कंपनियों में से एक यश राज फिल्म्स ने अर्जुन बनर्जी को अपनी वायआरएफ टैलेंट मैनेजमेंट इकाई टैलेंट का हेड (प्रमुख) नियुक्त किया है। अर्जुन टैलेंट मैनेजमेंट, लाइव एंटरटेनमेंट और आर्टिस्ट पार्टनरशिप्स के क्षेत्र में व्यापक अनुभव के साथ वायआरएफ से जुड़े हैं।

Advertisement

वायआरएफ में शामिल होने से पहले अर्जुन ने कलेक्टिव आर्टिस्ट्स नेटवर्क में तीन वर्षों से अधिक समय तक काम किया। इससे पहले वह लगभग एक दशक तक एक्ससीड एंटरटेनमेंट से जुड़े रहे, जहां उन्होंने हेड - टैलेंट एंड न्यू वेंचर्स और हेड - लाइव बिजनेस जैसी कई महत्वपूर्ण नेतृत्व भूमिकाएं निभाईं। इस दौरान उन्होंने कलाकारों के साथ मजबूत संबंध विकसित करने और कंपनी के एंटरटेनमेंट व लाइव इवेंट्स कारोबार के विस्तार में अहम भूमिका निभाई।

Advertisement

अर्जुन की नियुक्ति वायआरएफ की अपने टैलेंट मैनेजमेंट कारोबार को और मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है। साथ ही यह टैलेंट और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी मौजूदगी और विस्तार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की कंपनी की महत्वाकांक्षा को भी दर्शाती है। अर्जुन सीधे यश राज फिल्म्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अक्षय विधानी को रिपोर्ट करेंगे।

Advertisement

इस नियुक्ति पर अक्षय विधानी ने कहा, " वायआरएफ टैलेंट के प्रमुख के रूप में अर्जुन का स्वागत करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। टैलेंट का परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और आज सफलता के लिए रणनीतिक, उद्यमशील और सहयोगात्मक सोच बेहद जरूरी है। अर्जुन अपने साथ इंडस्ट्री की गहरी समझ, मजबूत रिश्ते और कलाकारों के लिए लंबी और सफल करियर बनाने का सिद्ध अनुभव लेकर आए हैं। जैसे-जैसे हम अपने कारोबार का विस्तार कर रहे हैं, हमें पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में हम एक विश्वस्तरीय टैलेंट बिजनेस तैयार करेंगे, जो हमारे कलाकारों और साझेदारों के लिए दीर्घकालिक मूल्य का निर्माण करेगा।"

Advertisement

वर्तमान में वायआरएफ टैलेंट रानी मुखर्जी, आयुष्मान खुराना, अहान पांडे, अनीत पड्डा,शर्वरी, सोनम कपूर, वाणी कपूर और श्रेया चौधरी जैसे कलाकारों का प्रतिनिधित्व करता है।