Saiyaara: एक साल पहले सैयारा ने दर्शकों को कृष कपूर और वाणी बत्रा की दिल छू लेने वाली प्रेम कहानी से रूबरू कराया था। मोहित सूरी द्वारा निर्देशित और यशराज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी द्वारा निर्मित इस फिल्म ने अहान पांडे और अनीत पड्डा को बड़े पर्दे पर लॉन्च किया और देखते ही देखते यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली प्रेम कहानी बन गई।
आज, सैयारा अपनी रिलीज़ के एक साल पूरे कर चुकी है, लेकिन यह फिल्म आज भी दर्शकों के दिलों में उतनी ही खास जगह बनाए हुए है। पिछले एक साल में फैंस ने बार-बार इस फिल्म को देखा, इसके यादगार पलों को सेलिब्रेट किया और इसके संगीत को अपना बनाया। फिल्म रिलीज़ होने से पहले ही इसका म्यूज़िक लोगों के दिलों तक पहुंच चुका था। इसके गाने भारत ही नहीं, दुनिया भर के म्यूज़िक चार्ट्स पर छाए रहे और कई स्ट्रीमिंग रिकॉर्ड्स भी बनाए। फिल्म की पहली सालगिरह के मौके पर अहान पांडे और अनीत पड्डा ने सैयारा का एक खास 2-डिस्क कलेक्टर्स एडिशन विनाइल एलपी लॉन्च किया है, जो उस संगीत का जश्न मनाता है जिसने लाखों लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई। फैंस और संगीत प्रेमियों के लिए तैयार किए गए इस लिमिटेड एडिशन विनाइल में अहान और अनीत द्वारा लिखे गए एक्सक्लूसिव हस्तलिखित नोट्स भी शामिल हैं, जिनमें उन्होंने सैयारा की अपनी भावनात्मक यात्रा को साझा किया है। अहान पांडे ने इस कलेक्टिबल एलपी में लिखा है, "अगर आप उन चुनिंदा लोगों में हैं जो यह पढ़ रहे हैं, तो शायद आप उन लोगों में से हैं जिन्होंने हमारी फिल्म को पूरे दिल से अपनाया है। इसके लिए आपका दिल से शुक्रिया। प्यार पर भरोसा करने के लिए धन्यवाद। हमारी कहानी पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद। हमें कभी नहीं लगा था कि सैयारा इतने लोगों तक पहुंचेगी, लेकिन आज यह कहना सुरक्षित है कि हमने अपने दिल आप में से बहुत से लोगों के पास छोड़ दिए हैं। उम्मीद है कि आप इस विनाइल को इस याद के तौर पर संभालकर रखेंगे कि प्यार हमेशा दुनिया की सबसे बड़ी ताकत रहेगा और उसमें हर सीमा को पार करने की शक्ति है।" अनीत पड्डा ने लिखा, "उन सभी लोगों के लिए जिन्होंने सैयारा और उसके संगीत को अपने दिल में जगह दी, मेरे पास अपने एहसासों को शब्दों में बयां करने के लिए शायद पर्याप्त शब्द नहीं हैं। जब भी मैं शांति से बैठकर सोचती हूं कि यह संगीत लोगों तक कितनी गहराई से पहुंचा है, तो मैं बेहद खूबसूरत तरीके से भावुक हो जाती हूं। जिन गीतों, दृश्यों और भावनाओं में हमने अपना दिल लगाया था, वे किसी तरह दुनिया भर के लाखों लोगों के दिलों में अपना घर बना पाए। इसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी। संगीत हमेशा से मेरे लिए बहुत निजी रहा है। यह हमारी यादों का हिस्सा बन जाता है। एक धुन आपको किसी अपने की याद दिला सकती है, अपने पुराने रूप की, किसी टूटे हुए दिल की या फिर उस उम्मीद की जिसे आप अब भी थामे हुए हैं। इसलिए लोगों को सैयारा के संगीत से इस तरह जुड़ते देखना मेरे लिए बेहद भावुक करने वाला अनुभव रहा है।" अहान आगे लिखते हैं, "सैयारा का संगीत आपकी वजह से हमारी कल्पना से कहीं बड़ा बन गया। उन सभी लोगों का शुक्रिया जिन्होंने इन गीतों को गुनगुनाया, बार-बार सुना और उन पलों में इनसे सुकून पाया, जब उनके पास अपनी भावनाओं को शब्दों में कहने का कोई तरीका नहीं था। मुझे उम्मीद है कि इन गीतों के बीच कहीं आप सिर्फ हमारे किरदारों को नहीं, बल्कि खुद के कुछ हिस्सों को भी पाएंगे। क्योंकि इन धुनों और शब्दों के बीच कहीं यह कहानी सिर्फ हमारी नहीं रहती, बल्कि आपकी भी बन जाती है। जब भी मैं इस एलपी को सुनूंगा, यह मुझे मेरी जिंदगी की उस कहानी में वापस ले जाएगी जो हमेशा मेरे दिल के सबसे करीब रहेगी। उम्मीद है कि आपके साथ भी ऐसा ही होगा।" अनीत आगे कहती हैं, "मैंने आपके संदेश पढ़े हैं। आपके बनाए एडिट्स देखे हैं, आपके कवर सुने हैं, आपकी देर रात की पोस्ट्स महसूस की हैं, आपके आंसू और आपकी मुस्कान देखी है। आप सभी का धन्यवाद जिन्होंने सैयारा को इतनी शिद्दत से अपनाया। धन्यवाद कि आपने इस दुनिया में, जो अक्सर हमें अपनी भावनाएं छिपाने को कहती है, दिल खोलकर महसूस किया। धन्यवाद कि आपने इस संगीत को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया। मुझे सबसे ज्यादा यह बात छूती है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोग, अलग भाषाओं और अलग कहानियों के बावजूद, इन गीतों के जरिए एक जैसी भावनाओं से जुड़े। यही तो प्यार, इंतजार, दिल टूटने, उम्मीद और सुकून की सबसे बड़ी खूबसूरती है। धन्यवाद कि आपने सैयारा को सिर्फ एक साउंडट्रैक नहीं रहने दिया, बल्कि उसे एक एहसास बना दिया। और सबसे बढ़कर धन्यवाद कि आपने मुझे फिर याद दिलाया कि कला क्यों मायने रखती है-क्योंकि वही हमें जिंदा होने का एहसास दिलाती है, जोड़ती है और उम्मीद देती है।" अहान आगे कहते हैं, "धन्यवाद कि आपने इस संगीत को अपने साथ रखा और उसे अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया। आपके प्यार ने सैयारा को सिर्फ एक फिल्म या एक म्यूज़िक एल्बम नहीं रहने दिया, बल्कि उसे हम सभी की साझा भावना बना दिया। यह खास कलेक्टर्स एडिशन एलपी हमारी ओर से आपके लिए एक छोटा-सा धन्यवाद है। उम्मीद है कि यह आपको खुशी देगा और आने वाले कई वर्षों तक आपकी यादों और आपके कलेक्शन का एक खास हिस्सा बना रहेगा।" अनीत अंत में कहती हैं, "उम्मीद है कि आपको सैयारा का यह स्पेशल एडिशन एलपी पसंद आएगा और यह हमेशा आपके दिलों में अपनी जगह बनाए रखेगा।"
अहान अपने संदेश का समापन इन शब्दों के साथ करते हैं, "कुछ कहानियां पर्दे पर खत्म नहीं होतीं। यह भी उन्हीं में से एक है। क्योंकि यह हर याद, हर धुन और हर उस दिल में हमेशा जिंदा रहेगी, जिसे इसने छुआ है। हमेशा... हमेशा... और हमेशा।"More Articles