अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू स्टारर संस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'बदला' ने पहले हफ्ते में 38 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। यानि की फिल्म हिट हो चुकी है। बता दें, बदला महज 24 करोड़ के बजट पर बनी है। अब फिल्म अपना प्रॉफिट कमा रही है। सुजॉय घोष की इस फिल्म ने रिलीज के साथ ही खूब तारीफ बटोरी है। पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का प्रभाव बॉक्स ऑफिस पर साफ दिखा है।
फिल्म ने अपने सातवें दिन यानि कि गुरुवार को 3.65 करोड़ की कमाई की है। जबकि अब दूसरे वीकेंड पर फिल्म की कमाई एक बार फिर ऊपर बढ़ सकती है। इस वीकेंड फिल्म 45 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएगी। ट्रेड पंडितों की मानें तो बदला 55 करोड़ तक का लाइफटाइम कलेक्शन दे सकती है।
फिलहाल 21 मार्च तक फिल्म के पास कमाने का समय है। 21 मार्च को अक्षय कुमार की 'केसरी' रिलीज होने वाली है, जिसके बाद बदला, टोटल धमाल, लुका छुपी.. सभी फिल्मों की कमाई थमने वाली है। खैर, बदला अपना बजट पार कर चुकी है और बॉक्स ऑफिस पर हिट है। साल की धमाकेदार शुरुआत हुई विकी कौशल की फिल्म उरी से। उरी ने अब तक 242.27 करोड़ की कमाई कर ली है। फिल्म ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर रही। अजय देवगन की टोटल धमाल भी अब तक सिनेमाघरों में कायम है। फिल्म ने अब तक 145.71 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। रणवीर सिंह- आलिया भट्ट की फिल्म गली बॉय ने 137 करोड़ का कलेक्शन किया है। फिल्म हिट रही है। कंगना रनौत की मणिकर्णिका ने 100.05 करोड़ का कलेक्शन किया है। बजट ज्यादा होने की वजह से फिल्म ऐवरेज रही है.. कार्तिक आर्यन- कृति सैनन की लुका छिपी ने अब तक 75 करोड़ की कमाई कर ली है। 25 करोड़ के बजट पर बनी यह फिल्म सुपरहिट हो चुकी है। वहीं, छठे नंबर पर आ चुकी है बदला। इस संस्पेंस थ्रिलर फिल्म को काफी पसंद किया जा रहा है। फिल्म ने अब तक 38 करोड़ का कलेक्शन किया है।